देहरादून: उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष श्रीमती ऋतु खंडूड़ी भूषण ने शुक्रवार (1 नवंबर 2025) को राजभवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह से शिष्टाचार भेंट की। यह भेंट विशेष रूप से आगामी 3 नवंबर 2025 से शुरू हो रहे उत्तराखंड विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र के संबंध में थी।
विधानसभा अध्यक्ष खंडूड़ी ने राज्यपाल गुरमीत सिंह को विधानसभा के विशेष सत्र में प्रतिभाग करने के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित किया। यह विशेष सत्र उत्तराखंड राज्य के गठन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में ‘रजत जयंती समारोह’ के तहत आयोजित किया जा रहा है।
गौरतलब है कि उत्तराखंड विधानसभा के इस ऐतिहासिक दो दिवसीय विशेष सत्र के पहले दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सदन को संबोधित करेंगी। यह राज्य के लिए एक गौरवपूर्ण क्षण होगा, जब देश की प्रथम नागरिक सदन में उपस्थित होकर राज्य की 25 वर्षों की विकास यात्रा और भविष्य के रोडमैप पर चर्चा करेंगी। राष्ट्रपति के साथ, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे। इस विशेष सत्र के दौरान कोई विधायी कार्य नहीं होगा, बल्कि इसका उद्देश्य राज्य की उपलब्धियों पर चर्चा करना और भविष्य की दिशा तय करना है।
विधानसभा अध्यक्ष ने राज्यपाल को सत्र की तैयारियों और राष्ट्रपति के आगमन को लेकर की गई सुरक्षा व प्रोटोकॉल व्यवस्थाओं से अवगत कराया। राष्ट्रपति का संबोधन उत्तराखंड के सभी विधायकों, पूर्व मुख्यमंत्रियों और गणमान्य व्यक्तियों के लिए एक महत्वपूर्ण घटना है, जो राज्य के रजत जयंती वर्ष को ऐतिहासिक बनाएगी।
