देहरादून: देहरादून के पटेल नगर इलाके में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। सेंट जूड चौक के पास एक बेकाबू कार ने तीन लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में भाजपा युवा मोर्चा के एक नेता की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, यह हादसा सेंट जूड चौक से ट्रांसपोर्ट नगर जाने वाली सड़क पर हुआ। शनिवार देर रात एक बेकाबू कार की चपेट में आने से तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में भाजपा युवा मोर्चा का एक नेता भी शामिल है। स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुँचाया। चंद्रबनी निवासी जितेंद्र बिष्ट (30) की इलाज के दौरान मौत हो गई। अन्य घायलों का इलाज चल रहा है। बिष्ट भारतीय जनता युवा मोर्चा के देहरादून महानगर क्षेत्र के महासचिव और डीएवी पीजी कॉलेज छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष थे।
घटना के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया। हालांकि, पुलिस ने दुर्घटना के समय कार चला रहे रुड़की निवासी अयान और दो अन्य लोगों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त कार मुज़म्मिल नाम के एक व्यक्ति की है, जो स्टीयरिंग में समस्या आने के बाद उसे मरम्मत के लिए सेंट जूड चौक के पास वसीम की वर्कशॉप ले गया था। पुलिस ने बताया कि हिरासत में लिए गए वर्कशॉप मालिक वसीम और दो मैकेनिकों अयान और अब्बू ने पूछताछ के दौरान उन्हें बताया कि स्टीयरिंग ठीक करने के बाद, अयान कार को चेक करने के लिए वर्कशॉप से बाहर ले गया था। लेकिन वापस लौटते समय वर्कशॉप से 40 मीटर पहले ही स्टीयरिंग लॉक हो गई और अनियंत्रित कार कथित तौर पर सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचलते हुए निकल गई।
