देहरादून: उत्तराखंड के टिहरी जिले में चंबा-ऋषिकेश हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नागणी के पास बुधवार सुबह यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस हादसे में बस के चालक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 अन्य यात्री घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, विश्वनाथ सेवा की यह बस घनसाली से हरिद्वार जा रही थी। सुबह करीब 10:10 बजे, जब बस खाड़ी के पास नागणी में एक तीखे मोड़ से गुजर रही थी, तो अचानक अनियंत्रित हो गई। बस एक क्रैश बैरियर से टकराई और सड़क पर ही पलट गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत बचाव अभियान चलाया गया। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए खाड़ी और नरेंद्र नगर के अस्पतालों में भेजा गया है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है ताकि दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा सके। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस में करीब 22 लोग सवार थे।
यह हादसा उस वक्त हुआ है जब राज्य में भारी बारिश के कारण सड़कें पहले से ही जोखिम भरी हैं। हालांकि, इस घटना के पीछे का सही कारण अभी तक सामने नहीं आया है।
