टोक्यो: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जापान की राजधानी टोक्यो में गर्मजोशी से स्वागत किया गया। उनके आगमन पर पूरा वातावरण भारतीय संस्कृति के रंग में रंग गया, जहां गायत्री मंत्रों की पवित्र गूंज ने माहौल को आध्यात्मिक बना दिया।
जापानी नागरिक और वहां रह रहे भारतीय समुदाय के लोग पारंपरिक भारतीय वेशभूषा में प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए मौजूद थे। इस दौरान उन्होंने हाथ जोड़कर गायत्री मंत्र का जाप किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। प्रधानमंत्री मोदी इस आत्मीय स्वागत से काफी प्रभावित हुए और उन्होंने हाथ जोड़कर लोगों का आभार व्यक्त किया।
इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी जापानी प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा के साथ 15वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस सम्मेलन में व्यापार, निवेश, रक्षा और प्रौद्योगिकी सहयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होने की उम्मीद है। जापान ने अगले 10 वर्षों में भारत में अपने निजी क्षेत्र के निवेश को दोगुना करने का लक्ष्य रखा है, जो इस यात्रा को और भी महत्वपूर्ण बनाता है।
