उत्तराखंड में खिलाड़ियों का सम्मान: नेशनल गेम्स के विजेताओं को 29 अगस्त को मिलेगी पुरस्कार राशि

देहरादूनः 38 वें नेशनल गेम्स के पदक विजेताओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। सभी पदक विजेताओं को उनकी नगद इनाम धनराशि आगामी 29 अगस्त 2025 को राष्ट्रीय खेल दिवस पर दी जाएगी।

आज खेल निदेशालय में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक में मैने 29 अगस्त राष्ट्रीय खेल दिवस पर देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले समारोह की तैयारी पर चर्चा की। इस समारोह में नेशनल गेम्स के पदक विजेताओं के साथ ही विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश के लिए पदक जीतने वाले कुल 432 खिलाड़ियों और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश के लिए पदक जीतने वाले उत्तराखंड के 27 खिलाड़ियों को भी नगद इनाम धनराशि दी जाएगी।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना और मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के हजारों लाभार्थियों को भी उनकी तीन महीने की धनराशि इसी समारोह में उनके खातों में ट्रांसफर की जाएगी। राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा और इस दौरान योगासन व मलखंब जैसी खेल विधाओं का प्रदर्शन होगा। साथ ही पांडवाज बैंड भी समारोह में सांस्कृतिक जलवा बिखेरेगा।

बैठक में खेल निदेशक आशीष चौहान, अपर निदेशक अजय अग्रवाल, महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के प्राचार्य राजेश मंमगाई जी, उपनिदेशक शक्ति सिंह आदि उपस्थित रहे।