उत्तराखंड के इन जिलों में आज भीषण बारिश की संभावना, ऑरेंज अलर्ट जारी

देहरादून:  प्रदेशभर में मानसून की वर्षा का दौर अगले दो दिनों में जोर पकड़ सकता है। बुधवार को देहरादून, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर एवं नैनीताल जनपदों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। इन चार जनपदों में आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटे से हवाएं भी चलने का अनुमान है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जनपदों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।

मंगलवार को सुबह करीब साढ़े नौ बजे से साढ़े 11 बजे तक शहर के कारगी, आईएसबीटी, पटेलनगर, हरिद्वार बाईपास, धर्मपुर, मालदेवता, रायपुर, गढ़ीकैंट, प्रेमनगर एवं बिधोली क्षेत्र में करी दो घंटे मूसलधार वर्षा हुई। मसूरी में दिनभर में रुक-रूककर सात मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। दोपहर के समय देहरादून के कई क्षेत्रों में हल्की धूप खिलने से उमस महसूस की गई। लेकिन दोपहर बाद चार बजे एक बार फिर बादल छाने लगे और शाम छह बजे कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा भी हुई।

ऐसा रहा तापमान

  1. देहरादून का अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
  2. पंतनगर का अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक 26.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
  3. टिहरी का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम 21 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
  4. मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम 23.6 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 16.0 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग का ये है पूर्वानुमान

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार दून समेत चार जनपदों में भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। जबकि हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, पौड़ी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, चंपावत और पिथौरागढ़ में भी मध्यम वर्षा के दौर हो सकते हैं। चारधाम यात्रा मार्गों पर तीव्र वर्षा के दौर होने और संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका है।