हल्द्वानी। प्रदेश के शिक्षा एवं सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने आज हल्द्वानी स्थित एमबीपीजी महाविद्यालय में नवनिर्मित महिला छात्रावास और अत्याधुनिक आईटी लैब का विधिवत शुभारंभ किया। इन दोनों सुविधाओं के शुरू होने से महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
नवनिर्मित महिला छात्रावास से छात्राओं को सुरक्षित और बेहतर आवासीय सुविधा मिलेगी। वहीं, अत्याधुनिक आईटी लैब के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक और डिजिटल शिक्षा से जुड़ने का अवसर मिलेगा। इससे छात्र-छात्राएं अपने तकनीकी कौशल, ज्ञान और दक्षताओं को विकसित कर सकेंगे।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने और उच्च शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाना है, ताकि युवा शिक्षा और तकनीकी क्षेत्र में नए अवसरों का लाभ उठा सकें।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण और गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। एमबीपीजी महाविद्यालय में शुरू की गई ये सुविधाएं इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

