चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज जनपद चमोली के पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों, कलश यात्रा एवं पुष्पवर्षा के साथ मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने रोड शो के दौरान उपस्थित जनसमूह का अभिवादन स्वीकार किया। डीएम श्री गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को श्री नंदा देवी राजजात की हस्तनिर्मित पेंटिंग भेंट की।
मुख्यमंत्री ने सम्मेलन स्थल पर लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं के साथ सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक पीसा, जांदरा (हाथ की चक्की) से अनाज पीसा तथा मथानी से दही मथकर पहाड़ की समृद्ध लोकसंस्कृति और जीवनशैली से अपने आत्मीय जुड़ाव को प्रदर्शित किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृशक्ति उत्तराखण्ड की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक प्रगति की आधारशिला है। पहाड़ की महिलाएं परिवार के पालन-पोषण के साथ कृषि, पशुपालन, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि चमोली की धरती से प्रारंभ हुए ऐतिहासिक चिपको आंदोलन में गौरा देवी एवं उनकी साथी महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण का जो संदेश दिया, वह आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए अनेक महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। उज्ज्वला योजना, जनधन योजना एवं प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। प्रदेश सरकार भी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राज्य की सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण तथा सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया जा रहा है। समान नागरिक संहिता लागू कर महिलाओं के समान अधिकार सुनिश्चित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का प्रयास है कि बेटियों को जन्म से लेकर उच्च शिक्षा और आत्मनिर्भरता तक हर स्तर पर सहयोग मिले। नंदा गौरा योजना के अंतर्गत बेटी के जन्म पर ₹11 हजार तथा 12वीं उत्तीर्ण करने के बाद ₹51 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में चमोली जनपद के नौ विकासखंडों में 900 से अधिक अत्यंत गरीब परिवारों की महिलाओं को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से तीन करोड़ रुपये से अधिक की सहायता उपलब्ध कराई गई है।
उन्होंने कहा कि बैणी-भुली योजना के माध्यम से प्रदेश की पांच लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान किया जाएगा। योजना के अंतर्गत प्रोत्साहन राशि दो किस्तों में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी। इसकी पहली किस्त दिसंबर माह में जारी की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। महिला मंगल दल मैडठैली की अध्यक्षा श्रीमती उत्तरा देवी एवं महिला मंगल दल पाखी की अध्यक्षा श्रीमती मीना देवी को पर्यावरण संरक्षण, श्रमदान, अल्प बचत एवं नशामुक्ति कार्यक्रमों में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। मौन पालन के लिए श्रीमती भुवना देवी, खेती के लिए श्रीमती रामेश्वरी देवी, बांस उत्पाद निर्माण के लिए श्रीमती उषा देवी तथा प्राकृतिक खेती के लिए श्रीमती लीला देवी को सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए माहेश्वरी देवी, अनुसूया कुंवर एवं बिमला देवी, खेल क्षेत्र में निशा एवं स्वाति बड़वाल तथा लखपति दीदी के रूप में निरजा, रामेश्वरी देवी एवं अनीता देवी को सम्मानित किया। हाईस्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं के साथ कवयित्री सुरभी देवी एवं मांगल गीत गायिका नन्दा सती को भी सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए। उन्होंने मिलेट्स उत्पादन में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला किसानों को जिला स्तरीय किसान भूषण पुरस्कार से भी सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने चमोली जनपद में ₹149.77 करोड़ की 30 विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने हेलंग-डूंगरी बरोसी मोटर मार्ग, गोपेश्वर-पोखरी मोटर मार्ग तथा त्रिशूला-भदूड़ा मोटर मार्ग के निर्माण एवं सुधारीकरण की घोषणा भी की।

