बदरीनाथ धाम में अचानक बेहोश हुई गाजियाबाद की युवती, पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाकर बचाई जान

बदरीनाथ। श्री बदरीनाथ धाम में दर्शन के लिए पहुंची गाजियाबाद निवासी 22 वर्षीय युवती की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह मंदिर परिसर में बेहोश होकर गिर पड़ी। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए युवती को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद निवासी संतोषी बदरीनाथ धाम में दर्शन के लिए पहुंची थीं। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह मंदिर परिसर में बेहोश हो गईं। घटना को देखते हुए ड्यूटी पर तैनात आरक्षी दीपक कुमार, होमगार्ड सोहन और होमगार्ड बलवीर ने बिना समय गंवाए युवती को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार मिलने के बाद युवती की हालत स्थिर हो गई। अब वह पूरी तरह स्वस्थ है।

पुलिसकर्मियों की इस त्वरित कार्रवाई और मानवीय पहल से युवती के परिजनों को बड़ी राहत मिली। युवती के स्वस्थ होने पर परिजनों ने पुलिसकर्मियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।