बजरंग दल ने 14 लाख की कथित लूट मामले में सीबीआई जांच की मांग की

देहरादून: देहरादून में 14 लाख रुपये की कथित लूट के मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए बजरंग दल ने गिरफ्तार कार्यकर्ता सिद्धांत बड़ोनी के साथ हिरासत में मारपीट और अमानवीय व्यवहार किए जाने का आरोप लगाया है। संगठन ने शुक्रवार को पूरे प्रकरण की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उचित कार्रवाई नहीं की तो प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।

शुक्रवार को देहरादून के रेसकोर्स स्थित विश्व हिंदू परिषद कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में बजरंग दल के क्षेत्र संयोजक अनुज वालिया, उच्चतम न्यायालय के अधिवक्ता एवं बजरंग दल के कानूनी सलाहकार जे. कुमार रवि, प्रांत संयोजक पूरन जोशी और प्रांत साप्ताहिक मिलन प्रमुख विकास वर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से यह जानकारी दी।

अनुज वालिया ने आरोप लगाया कि लूट की घटना को लेकर पुलिस का दावा उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज से मेल नहीं खाता। उनका कहना था कि पुलिस ने स्कूटी सवार की ओर से कार को पीछे से टक्कर मारने की बात कही है, जबकि फुटेज में कार की ओर से स्कूटी को टक्कर मारे जाने का दावा किया गया है। उन्होंने कहा कि उपलब्ध फुटेज में न तो स्पष्ट रूप से लूटपाट दिखाई देती है और न ही रुपये से भरा बैग छीने जाने की घटना नजर आती है।

संगठन ने कथित तौर पर लूटी गई 14 लाख रुपये की रकम, उसे ले जाने के लिए इस्तेमाल किए गए बैग और शिकायतकर्ता के कारोबारी लेनदेन पर भी सवाल उठाए। पदाधिकारियों ने कहा कि यदि यह रकम किसी संपत्ति के सौदे के लिए ले जाई जा रही थी तो उससे संबंधित अनुबंध, बयाना और भुगतान के दस्तावेज सार्वजनिक किए जाने चाहिए। उन्होंने शिकायतकर्ता और कथित आरोपितों के बीच पूर्व कारोबारी संबंध होने का दावा करते हुए संबंधित बैंक खातों और संपत्तियों की जांच की मांग की।

बजरंग दल के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि गिरफ्तार 22 वर्षीय सिद्धांत बड़ोनी को पुलिस हिरासत में प्रताड़ित किया गया। उसे जंगल में ले जाकर मुठभेड़ की धमकी देने, थाने में निर्वस्त्र कर पीटने, उस पर पेशाब करने और संगठन और पहाड़ विरोधी नारे लगवाने का दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए। पदाधिकारियों ने बताया कि कोर्ट में पेशी के दौरान सिद्धांत बडोनी ने अपने साथ हुई पुलिसकर्मियों की ओर से अमानवीय व्यवहार,कथित मारपीट की जानकारी दी है।

पदाधिकारियों ने कहा कि सिद्धांत डीएवी कॉलेज का छात्र है और राष्ट्रीय स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं में भाग ले चुका है। उसके पिता ठेली लगाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उन्होंने कहा कि संगठन किसी आरोपी को कानून से ऊपर नहीं मानता और यदि सिद्धांत बडोनी दोषी है तो उसे कानून के अनुसार सजा मिलनी चाहिए, लेकिन जांच के नाम पर किसी के साथ अमानवीय व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता।

संगठन के एक पदाधिकारी ने आरोप लगाया कि युवकों को पेशी के दौरान पैदल ले जाते समय कुछ लोगों ने उन्हें लुटेरा कहकर संबोधित किया और घटनाक्रम के वीडियो अलग-अलग दिशाओं से बनाए गए। उन्होंने सवाल किया कि पुलिस की मौजूदगी में इस तरह वीडियो बनाए जाने का उद्देश्य क्या था और क्या इस पूरे घटनाक्रम को किसी सुनियोजित तरीके से प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया।

उन्होंने कथित लूट की रकम और विवेचना में सामने आई बरामदगी के आंकड़ों में अंतर का उल्लेख करते हुए कहा कि पुलिस को यह स्पष्ट करना चाहिए कि कुल कितनी रकम लूटी गई, कितनी बरामद हुई और शेष रकम कहां है। उन्होंने दिनेश तिवारी की ओर से कथित तौर पर रुपये लूटे जाने के दावे और बैग लेकर जाने वाले व्यक्ति की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की।

पदाधिकारी ने कहा कि पुलिस को केवल एक पक्ष के आरोपों के आधार पर कार्रवाई करने के बजाय घटनास्थल पर मौजूद सभी लोगों की भूमिका और सीसीटीवी फुटेज की निष्पक्ष पड़ताल करनी चाहिए। उन्होंने जांच अधिकारी के खिलाफ विभागीय स्तर पर कार्रवाई की मांग करते हुए प्राथमिकी निरस्त करने के लिए पुलिस आयुक्त को प्रत्यावेदन देने की बात भी कही।

उन्होंने आरोप लगाया कि बजरंग दल के कार्यकर्ता क्षेत्र में अवैध शराब, नशे के कारोबार और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ आवाज उठाते रहे हैं। इसी कारण उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से ऐसे मामलों में कथित उत्पीड़न की शिकायत लेकर करीब 100 लोग संगठन से संपर्क कर चुके हैं और संबंधित शिकायतों की सूची तैयार की जा रही है।

पदाधिकारी ने कहा कि संगठन का उद्देश्य अपराधियों को संरक्षण देना नहीं, बल्कि अन्याय के खिलाफ आवाज उठाना है। उन्होंने पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि आम लोगों की शिकायतें और समस्याएं मीडिया के माध्यम से ही सरकार तक पहुंचती हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस की जवाबदेही तय करना भी लोकतांत्रिक व्यवस्था का हिस्सा है।

बजरंग दल ने सरकार से पूरे प्रकरण की सीबीआई या किसी स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने,सभी संबंधित सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल करने और दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की। संगठन ने कहा कि न्याय नहीं मिलने पर वह कानूनी लड़ाई को उच्च न्यायालय और आवश्यकता पड़ने पर उच्चतम न्यायालय तक ले जाएगा और प्रदेशव्यापी आंदोलन भी करेगा। पुलिस की ओर से बजरंग दल के इन आरोपों और सीबीआई जांच की मांग पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया उपलब्ध नहीं हो सकी।

नाबालिग की मौत के दो माह बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप

इस मौके पर देहरादून में करंट लगने से 17 वर्षीय दिव्यांशु चौहान की मौत के मामले में करीब दो माह बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए परिजनों ने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है। परिजन रानी ने प्रार्थना पत्र देकर ठेकेदार मंगाराम, मकान मालिक सुरेंद्र मिस्त्री और राजवीर की भूमिका की निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिवार का आरोप है कि दिव्यांशु को जबरन काम पर ले जाया गया था, जहां करंट लगने से उसकी मौत हो गई।

इस मामले को लेकर बजरंग दल के पदाधिकारियों ने भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि कई मामले लंबित होने के बावजूद पीड़ित परिवारों को न्याय के लिए भटकना पड़ रहा है। उन्होंने दिव्यांशु की मौत के मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ऐसे अनेकों मामले है जिन्हें बजरंग दल तथ्य के साथ लाने का काम करेगी और न्याय के लिए आवाज उठाएगी।