देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में गढ़वाल रेजिमेंट के वीर जवानों के साथ दीपावली मिलन समारोह में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने जवानों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं और उन्हें पर्व की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली हर्ष, उल्लास और प्रकाश का पर्व है, लेकिन देश के वीर जवान ऐसे अनेक त्योहार अपने परिवारों से दूर रहकर देश की सीमाओं की सुरक्षा और राष्ट्र की रक्षा में समर्पित भाव से बिताते हैं। उनका त्याग, साहस, शौर्य और कर्तव्यनिष्ठा पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश में सैनिकों के सम्मान, कल्याण और सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। सैनिकों का मनोबल बढ़ाना और उनके योगदान को सम्मान देना हम सभी का दायित्व है।
सीएम धामी ने कहा कि एक सैनिक परिवार से होने के कारण जवानों के प्रति उनका जुड़ाव सदैव आत्मीय और भावनात्मक रहा है। उन्होंने वीर सैनिकों के समर्पण और राष्ट्र के प्रति उनकी निष्ठा को नमन किया। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से कामना की कि मां भारती के सभी वीर सपूत सदैव स्वस्थ, सुरक्षित और प्रसन्न रहें। साथ ही उन्होंने गढ़वाल रेजिमेंट के सभी जवानों और उनके परिवारजनों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

