शिमला: शिमला जिले के झाकड़ी क्षेत्र में घर की अलमारी के लॉकर से करीब चार लाख रुपये के सोने के गहने चोरी होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार झाकड़ी थाना क्षेत्र के कवारी रोड निवासी संतकली पत्नी स्वर्गीय राम कृष्ण ने शिकायत दी है कि वह 22 सितंबर को शरण कराली में आयोजित शादी समारोह में गई थीं। वहां से लौटने के बाद उन्होंने अपने पास पहने हुए सोने के गहने घर की अलमारी में रख दिए थे। इनमें सोने की चेन, किट्टी सेट, टॉप्स और सोने की अंगूठी शामिल थी।
शिकायत के अनुसार 28 सितंबर की सुबह जब उन्होंने अलमारी में रखे गहनों को देखने के लिए लॉकर खोला तो सभी गहने गायब मिले। महिला ने आशंका जताई कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने अलमारी के लॉकर से ये गहने चोरी किए हैं। चोरी हुए गहनों की अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस थाना झाकड़ी में इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि चोरी की घटना की जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक दिनेश कुमार कर रहे हैं।