उत्तराखंड में 3 अक्टूबर को होगा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन, राजनीतिक दलों को दी गई जानकारी

देहरादून। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम के निर्देश पर अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे की अध्यक्षता में सोमवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आवश्यक जानकारी दी गई।

बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि प्रदेश में मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया 28 सितंबर तक पूर्ण कर ली जाएगी। इसके बाद 3 अक्टूबर 2026 को प्रदेश में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि जो नागरिक किसी कारणवश मतदाता सूची में अपना नाम शामिल नहीं करा पाए हैं, वे ऑनलाइन ECI-Net अथवा संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के माध्यम से फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

बैठक में उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित भारतीय जनता पार्टी से राजकुमार पुरोहित, इंडियन नेशनल कांग्रेस से राजेंद्र सिंह भंडारी एवं प्रशांत खंडूड़ी, बहुजन समाज पार्टी से सत्यपाल एवं सतेंद्र चोपड़ा, आम आदमी पार्टी से अशोक सेमवाल तथा सीपीआई (एम) से अनंत आकाश उपस्थित रहे।