उत्तरकाशी में 1052 आंगनबाड़ी केंद्रों पर होगा ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम, रेखा आर्या ने की समीक्षा

उत्तरकाशी। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने ‘सेवा का संकल्प’ अभियान के तहत आयोजित होने वाले ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों एवं पार्टी पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

रेखा आर्या ने बताया कि 25 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत जनपद के 1052 आंगनबाड़ी केंद्रों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं, बच्चों और अभिभावकों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को विभागीय योजनाओं से जोड़ने तथा बच्चों के लिए रचनात्मक गतिविधियां आयोजित करने पर भी विशेष जोर रहेगा।

उन्होंने अधिकारियों को अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश देते हुए कहा कि अधिक से अधिक पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए। अभियान के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं तथा आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया जाएगा।

मंत्री ने कहा कि अभियान के तहत प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री पोषण अभियान, नंदा गौरा योजना, मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना और महालक्ष्मी किट वितरण सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाएगा। बैठक के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपनी विभिन्न समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया। रेखा आर्या ने संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

बैठक में विधायक सुरेश सिंह चौहान, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र, जिला कार्यक्रम अधिकारी जशोदा बिष्ट, जिला प्रोबेशन अधिकारी शोयब हुसैन, जिला युवा कल्याण अधिकारी विजय प्रताप भंडारी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष ललिता सेमवाल, जिला महामंत्री महावीर सिंह नेगी सहित विभागीय अधिकारी एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।