मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने दिए एक सप्ताह में फार्म-6, 7 और 8 के निस्तारण के निर्देश

देहरादून। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने मंगलवार को सभी जनपदों के जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने आगामी एक सप्ताह के भीतर फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 से संबंधित मामलों का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक के दौरान सभी जिलाधिकारियों ने दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण को लेकर अब तक की गई कार्रवाई और शेष मामलों पर सुनवाई की स्थिति का जिलेवार विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।

बैठक में बताया गया कि प्रदेश में ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल 71 लाख 33 हजार मतदाताओं के सापेक्ष अनमैप्ड एवं अन्य विसंगतियों से संबंधित कुल 24 लाख 30 हजार मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए थे। इनमें से अब तक करीब 23 लाख मतदाताओं की सुनवाई पूरी की जा चुकी है।

वहीं, करीब 1 लाख 10 हजार मतदाता ऐसे हैं, जो विभिन्न कारणों से निर्धारित समय पर सुनवाई के लिए उपस्थित नहीं हो सके। बैठक में बताया गया कि ऐसे सभी मतदाताओं को पुनः सुनवाई का अवसर दिया गया है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिलाधिकारियों और जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए कि दावे एवं आपत्तियों की सुनवाई निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी करते हुए नियमानुसार उनका निस्तारण किया जाए। उन्होंने फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 के निस्तारण की प्रगति की भी विस्तार से जानकारी ली।

डॉ. पुरुषोत्तम ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची में शामिल करने और प्रक्रिया को पारदर्शी एवं नियमानुसार पूरा करने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जिलाधिकारी उपस्थित रहे।