देहरादून। उपभोक्ता सेवा एवं कार्मिक हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के प्रबंध निदेशक ने मानव संसाधन अनुभाग में लंबित प्रकरणों के त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए रविवार को अवकाश के दिन विशेष बैठक आयोजित की। बैठक में अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) आरजे मलिक ने कार्मिकों से जुड़े विभिन्न मामलों को प्रबंध निदेशक के समक्ष प्रस्तुत किया।
प्रबंध निदेशक ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों से प्रत्येक लंबित प्रकरण की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और उनके शीघ्र निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्मिकों से संबंधित मामलों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित प्रकरणों का नियमानुसार परीक्षण करते हुए प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने और कार्यों की प्रगति की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी भी निर्धारित की जाएगी।
अवकाश के दिन बैठक आयोजित करने का उद्देश्य लंबित प्रकरणों के निस्तारण की प्रक्रिया में तेजी लाना और कार्मिकों से जुड़े मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना रहा। बैठक के दौरान मानव संसाधन अनुभाग के अधिकारियों ने प्रकरणवार अद्यतन स्थिति से प्रबंध निदेशक को अवगत कराया तथा आवश्यक कार्रवाई के संबंध में दिशा-निर्देश प्राप्त किए।
यूपीसीएल प्रबंधन ने कहा कि कार्मिक हितों से जुड़े मामलों का त्वरित, पारदर्शी और नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम लगातार जारी रहेंगे।