देहरादून। नगर निगम देहरादून के अंतर्गत सीमाद्वार खाले में जलभराव की समस्या के समाधान को लेकर मेयर सौरभ थपलियाल ने आज क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जलभराव की स्थिति और उसके कारणों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली।
मेयर सौरभ थपलियाल ने अधिकारियों को जलभराव की समस्या के प्रभावी एवं स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने समस्या के मूल कारणों को चिन्हित कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा, ताकि क्षेत्रवासियों को जलभराव की परेशानी से स्थायी राहत मिल सके।
निरीक्षण के दौरान वार्ड संख्या 41 की पार्षद श्रीमती बबीता गुप्ता, वार्ड संख्या 40 के पार्षद विनोद रावत तथा वार्ड संख्या 39 के पार्षद प्रवीण नेगी भी उपस्थित रहे।
मेयर सौरभ थपलियाल ने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित समाधान और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शहर की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।