चमोली की निर्माणाधीन टनल में हादसा: 19 श्रमिक सुरक्षित बाहर निकाले गए, 3 की तलाश जारी

चमोली। मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने की घटना के बाद रातभर राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी रहा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार स्वयं घटनास्थल पर मौजूद रहकर रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं।

टीएचडीसी की विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना के टीआरटी टनल की कुल लंबाई करीब 3 किलोमीटर है। टनल के लगभग 1.50 किलोमीटर हिस्से में भूधंसाव के कारण मलबा और पानी आने से स्थिति गंभीर हो गई, जिसके चलते टनल में कार्यरत कुछ लोग अंदर फंस गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार टनल में कुल 22 लोगों के फंसे होने की सूचना थी। रातभर चले राहत एवं बचाव अभियान में अब तक 19 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि शेष 3 लोगों की तलाश और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग के लिए टनल के अंदर गए 6 बचावकर्मी भी सुरक्षित हैं। घटना में अभी तक 7 लोगों की मृत्यु की सूचना है।

रेस्क्यू किए गए घायल श्रमिकों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर लाया गया है, जहां चिकित्सकों और स्वास्थ्य विभाग की टीमें उनका उपचार कर रही हैं। घायलों के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जा रही है।

रेस्क्यू अभियान में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस समेत तकनीकी और विशेषज्ञ टीमें जुटी हुई हैं। टनल के भीतर मलबे और पानी की चुनौती के बीच बचाव दल अत्यंत सावधानी और आपसी समन्वय के साथ अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं।

जिलाधिकारी गौरव कुमार मौके पर अधिकारियों और रेस्क्यू टीमों से लगातार अपडेट ले रहे हैं। उन्होंने शेष लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए सभी आवश्यक संसाधनों और तकनीकी सहायता का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की ओर से घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्यों के साथ-साथ घायलों के उपचार और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी लगातार सुनिश्चित की जा रही हैं।