कोलंबो। टीम इंडिया करीब नौ साल बाद श्रीलंका में टेस्ट मैच खेलने जा रही है और सीरीज की शुरुआत ही गॉले के मैदान से होने वाली है। 15 अगस्त से शुरू होने वाले पहले टेस्ट में भारतीय टीम के सामने श्रीलंका के दो ऐसे खिलाड़ी होंगे, जिनका इस मैदान पर रिकॉर्ड शानदार है। दिनेश चंडीमल और प्रभात जयसूर्या की जोड़ी गॉले में टीम इंडिया के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन सकती है। टेस्ट क्रिकेट में भारतीय टीम इस समय मुश्किल दौर से गुजर रही है। पिछले दो साल में उसे घरेलू मैदान पर दो बड़ी टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा है। ऐसे में श्रीलंका दौरा टीम के लिए इस फॉर्मेट में वापसी का बड़ा मौका है। हालांकि, गॉले की परिस्थितियां और श्रीलंका के इन दो खिलाडिय़ों का रिकॉर्ड भारतीय टीम की मुश्किलें बढ़ा सकता है।
दिनेश चंडीमल की करें तो गॉले में उनका बल्ला जमकर बोलता है। लंबे समय तक श्रीलंका के लिए विकेटकीपिंग करने वाले चंडीमल अब मुख्य रूप से बल्लेबाज के तौर पर खेलते हैं। उन्होंने गॉले में 44 पारियों में 1979 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से छह शतक और 10 अद्र्धशतक निकले हैं। वहीं, प्रभात जयसूर्या गॉल में भारतीय बल्लेबाजों की परीक्षा ले सकते हैं। 30 साल की उम्र में टेस्ट डेब्यू करने वाले इस बाएं हाथ के स्पिनर ने कम समय में अपनी अलग पहचान बनाई है। खासकर श्रीलंका की पिचों पर उनका सामना करना बल्लेबाजों के लिए आसान नहीं रहा है। गॉले में जयसूर्या का रिकॉर्ड तो और भी शानदार है। उन्होंने इस मैदान पर सिर्फ 11 टेस्ट मैचों में 81 विकेट हासिल किए हैं। जयसूर्या की सबसे बड़ी चुनौती यह भी होगी कि भारतीय बल्लेबाजों ने अब तक टेस्ट क्रिकेट में उनका सामना नहीं किया है। उन्होंने अभी तक भारत के खिलाफ कोई टेस्ट मैच नहीं खेला है। ऐसे में गॉले की अपनी पसंदीदा परिस्थितियों में उनका भारतीय टीम से पहला मुकाबला होगा।
गॉले स्टेडियम में भारत के रिकॉर्ड की बात करें, भारतीय टीम ने गॉले में खेले गए पांच टेस्ट में से दो में जीत दर्ज की है। पहली जीत भारत ने अगस्त, 2008 दर्ज की थी, तब भारत ने 170 रनों से श्रीलंका को हराया था। दूसरा टेस्ट जुलाई, 2017 में 304 रन से जीता था। श्रीलंका की बात करें तो टीम ने यहां अपना आखिरी टेस्ट सितंबर, 2024 में जीता था। पिछले साल यहां हुए दो टेस्ट में श्रीलंका ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार गई थी, उसके बाद बांग्लादेश के साथ ड्रा हुआ था। टेस्ट क्रिकेट में गॉले इंटरनेशनल स्टेडियम में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय वीरेंद्र सहवाग हैं।
सहवाग ने यहां खेली चार पारियों में 391 रन बनाए, इसमें एक दोहरा शतक भी शामिल है। गॉले में सहवाग ने दो टेस्ट शतक लगाए, इसके आलावा एक अद्र्धशतकीय पारी खेली। यहां सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले भारतीय रविचंद्रन अश्विन हैं। उन्होंने यहां चार पारियों में 14 विकेट लिए। वह यहां 1 बार 10 विकेट हॉल भी ले चुके हैं।