तमक नाले में लापता व्यक्ति की तलाश जारी, पुलिस-सेना समेत रेस्क्यू टीमें जुटीं

देहरादून। ज्योतिर्मठ-मलारी मार्ग स्थित तमक नाले में वैली ब्रिज बहने के बाद लापता व्यक्ति की तलाश के लिए सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। पुलिस, सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) और सीमा सड़क संगठन (BRO) की टीमें संयुक्त रूप से अभियान में जुटी हैं।

रेस्क्यू टीमें प्रभावित क्षेत्र के साथ-साथ नदी तटों और संभावित स्थानों पर गहनता से तलाशी अभियान चला रही हैं। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद टीमें लापता व्यक्ति का पता लगाने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं।

प्रशासन और बचाव दलों द्वारा घटनास्थल की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से सर्च ऑपरेशन को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है।