श्रीनगर में गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश, डॉ. धन सिंह रावत ने विशाल तिरंगा यात्रा में किया प्रतिभाग

श्रीनगर। डॉ. धन सिंह रावत ने आज श्रीनगर में आयोजित विशाल तिरंगा यात्रा में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आयोजित इस भव्य यात्रा का उद्देश्य राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और देशप्रेम की भावना को और मजबूत करना रहा।

तिरंगा यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में लोगों और युवाओं ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के नारों के साथ सहभागिता की। डॉ. रावत ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव और अपने संकल्प को अभिव्यक्त करने का आह्वान किया।

छात्रों से किया आत्मीय संवाद
विशाल तिरंगा यात्रा के उपरांत डॉ. धन सिंह रावत ने छात्र-छात्राओं के साथ आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज के गौरव और सम्मान के साथ ही स्वतंत्रता सेनानियों एवं क्रांतिकारियों के त्याग, तपस्या और बलिदान की गाथाओं पर विद्यार्थियों से चर्चा की।

उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, स्वाभिमान और गौरव का प्रतीक है। स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से प्रेरणा लेकर युवाओं को राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

डॉ. रावत ने कहा कि युवाओं में राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम की भावना को सशक्त करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने तथा राष्ट्र के विकास में अपना योगदान देने का आह्वान किया।