देहरादून। लगातार हो रही भारी बारिश के बीच जिलाधिकारी आशीष चौहान ने अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा एवं अन्य अधिकारियों के साथ रायपुर विधानसभा क्षेत्र के आपदाग्रस्त और जलभराव प्रभावित इलाकों का देर रात स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लेकर राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य पूरी तत्परता और समन्वय के साथ संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि खराब मौसम को देखते हुए अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।