मानसून को लेकर देहरादून प्रशासन अलर्ट, 24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम और क्यूआरटी टीम तैनात

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में मानसून सीजन के दौरान संभावित आपदाओं से निपटने के लिए देहरादून जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की निगरानी में जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (डीईओसी) से मौसम और आपदा संबंधी परिस्थितियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों की विशेष मॉनिटरिंग करते हुए किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) कंट्रोल रूम के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में उत्पन्न होने वाली समस्याओं पर नजर बनाए हुए है। भारी बारिश, जलभराव, भूस्खलन और अन्य आपदा संबंधी घटनाओं की सूचना मिलते ही संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर तत्काल राहत एवं समाधान की कार्रवाई की जा रही है।

जिला प्रशासन ने आमजन की सुविधा के लिए 0135-2626066, 0135-2726066, टोल फ्री 1077 तथा व्हाट्सएप नंबर 7534826066 जारी किए हैं। इन माध्यमों से नागरिक किसी भी आपदा या आपात स्थिति की सूचना देकर तत्काल सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी 24 घंटे तैनात रहकर जिले की स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। प्रशासन के अनुसार, 15 जून से अब तक क्यूआरटी के माध्यम से 60 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका त्वरित निस्तारण किया जा चुका है।

अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन और जिलाधिकारी के नेतृत्व में सभी विभागों एवं नगर निकायों के अधिकारियों के साथ पूर्व में बैठकें कर मानसून तैयारियों की समीक्षा की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि रेड अलर्ट की स्थिति में क्यूआरटी टीम पूरी तरह एक्टिव मोड में कार्य करती है और जिला आपदा कंट्रोल रूम 24 घंटे संचालित रहता है। विभिन्न विभागों के अधिकारियों को प्रभारी के रूप में तैनात किया गया है, ताकि जनसमस्याओं का समन्वित एवं शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि भारी वर्षा के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करें और किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल कंट्रोल रूम या संबंधित तहसील हेल्पलाइन पर सूचना दें।

तहसील कंट्रोल रूम कॉन्टैक्ट नंबर
तहसील सदर 8267062618, तहसील डोईवाला 0135 2695888, 8171416704, तहसील चकराता 7300567208, तहसील विकासनगर 7579466335, तहसील ऋषिकेश 0135 2436212, तहसील कालसी 9456739919, तहसील त्यूनी 8755 398 730