मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों को दी हरेला पर्व की शुभकामनाएं

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समस्त प्रदेशवासियों को लोकपर्व हरेला की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि हरेला प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, कृतज्ञता और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प का पावन प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि हरेला का पर्व हमें आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित, स्वच्छ और समृद्ध भविष्य के निर्माण की प्रेरणा देता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री धामी ने सभी नागरिकों से हरेला पर्व के शुभ अवसर पर कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता से ही हरित, स्वच्छ और समृद्ध उत्तराखंड के निर्माण का लक्ष्य साकार किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि हरेला का पर्व पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ ही प्रकृति और संस्कृति के प्रति लोगों के जुड़ाव को और मजबूत करेगा।