सीएम धामी ने की प्रतीकात्मक दौड़: मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में मशाल प्रज्ज्वलित कर धावकों का बढ़ाया उत्साह

-27 राज्यों और 2 देशों से 900 से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है,’क्यालु-हिम तेंदुआ’ शुभंकर का अनावरण

देहरादून, 23 मई । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026’ के काउंटडाउन रन कार्यक्रम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन, होमस्टे, स्थानीय उत्पादों और युवा उद्यमिता को नई दिशा देगा।

इस अवसर पर उन्होंने मशाल प्रज्ज्वलित कर प्रतिभागियों के साथ प्रतीकात्मक दौड़ में भी भाग लिया। मुख्यमंत्री ने आगामी 31 मई को आयोजित होने वाली नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन के शुभंकर ‘क्यालु- हिम तेंदुआ’ का अनावरण भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि सीमांत क्षेत्रों में नई ऊर्जा, नए अवसर और नए विश्वास का अभियान है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के युवाओं में साहस, संकल्प और देश के लिए कुछ बड़ा करने का जज्बा कूट-कूट कर भरा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आज युवाओं के जोश से गूंज रही यह पहल आने वाले समय में नीति घाटी की ऊंचाइयों पर नया इतिहास रचेगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस महाआयोजन के लिए देश के 27 राज्यों और 2 देशों से 900 से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है, जो युवाओं में इस आयोजन के बढ़ते आकर्षण को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में फिट इंडिया मूवमेंट, खेलो इंडिया और राष्ट्रीय खेलों जैसे अभियानों के माध्यम से खेल एवं फिटनेस को जनआंदोलन बनाया जा रहा है। राज्य सरकार भी उत्तराखंड को देश का अग्रणी एडवेंचर स्पोर्ट्स और स्पोर्ट्स टूरिज्म डेस्टिनेशन बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

इस अवसर पर सचिव पर्यटन धीराज गर्ब्याल, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी पर्यटन विकास परिषद नरेंद्र भंडारी सहित अनेक प्रतिभागी उपस्थित रहे।