पश्चिम बंगाल चुनाव 2026: सुबह 9 बजे तक 18.39% मतदान दर्ज

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में दूसरे चरण के मतदान के शुरुआती दो घंटों में (नौ बजे तक) 18.39 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। राज्य के पश्चिम पूर्वी बर्धमान जिले में शुरूआती दो घंटों में सबसे अधिक 20.86 प्रतिशत और कोलकाता दक्षिण जिला में सबसे कम 16.81 प्रतिशत मतदान हुआ। पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर मतदान हुआ था जिसमें 93.19 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाला था। राज्य में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में कुल 142 विधानसभा सीटों के लिए 1448 उम्मीदवार मैदान में हैं।

इस चरण में 41001 मतदान केन्द्र (39301 मुख्य और 1700 सहायक मतदान केन्द्र) बनाये गये हैं, जिसमें ग्रामीण मतदान केंद्रों की संख्या 25083 और शहरी मतदान केंद्रों की संख्या 14218 तथा 258 मॉडल मतदान केंद्र हैं। इस चरण में 8845 मतदान केंद्रों का प्रबंध पूरी तरह महिलाएं कर रही हैं। कोलकाता उत्तर, कोलकाता दक्षिण, हावड़ा, नादिया, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, हुगली और पूर्वी बर्धमान विधानसभा क्षेत्रों सहित कम से कम आठ चुनावी जिलों में दूसरे एवं अंतिम चरण का मतदान होगा। चुनाव आयोग ने मतदान को हिंसा और भय से मुक्त रखने तथा स्वतंत्र और निष्पक्ष रूप से कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं और संवेदनशील इलाकों में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की सघन तैनाती की गई है। चुनाव आयोग ने केंद्रीय बलों की 2,407 कंपनियों को तैनात किया है।

सभी मतदान केन्द्रों पर सुबह से मतदाता अपने मताधिकार को इस्तेमाल करने के लिए पहुंचने शुरू हो गये हैं।दूसरे चरण में कुल 1,448 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस चरण में सर्विस मतदाता सहित कुल 3.22 करोड से अधिक मतदाता हैं, जिनमें 1.64 करोड़ पुरुष, 1.57 करोड़ महिलाएं और 792 उभयलिंगी शामिल हैं। पश्चिम बंगाल में कुल 6.44 करोड़ मतदाता हैं। राज्य में मुख्य मुकाबला तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच है तथा कांग्रेस और वामपंथी दल भी पुरजोर से अपनी ताकत आजमा रहे हैं। भवानीपुर सीट इस बार के चुनाव में सबसे हॉट सीट बनी हुई हैए जहां मुख्य मुकाबला तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी और विपक्ष के नेता एवं भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी के बीच है। चुनावी राज्य में गत 26 फरवरी को चुनाव ज़ब्ती प्रबंधन प्रणाली के सक्रिय होने के बाद से 27 अप्रैल तक कुल 510.10 करोड़ रुपए की नकदी एवं वस्तुएं जब्त की गयी है जिनमें 30 करोड़ रुपये की नकदी, 48.46 लाख लीटर शराब, जिसकी कीमत 126.85 करोड़ रुपए आंकी है। इसके अलावा 110.12 करोड़ रुपये की मादक पदार्थ, 58.28 करोड़ रुपए की बेशकीमती धातुए और 184.85 करोड़ रुपए के उपहार शामिल हैं।