नई टिहरी: उत्तराखंड के जनपद टिहरी गढ़वाल के थौलधार ब्लॉक मुख्यालय में आयोजित ‘प्रथम खेलकूद एवं सांस्कृतिक महोत्सव’ का शानदार समापन हुआ। इस समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्थानीय प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन किया और उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को बचाने पर जोर दिया।
समापन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी विभागों और स्थानीय समूहों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय उत्पादों और शिल्प की सराहना की। इसके पश्चात, महोत्सव में आयोजित विभिन्न खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पदक और प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया गया।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, ऐसे आयोजन स्थानीय युवाओं और कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करते हैं। सरकार प्रदेश की लोक कला, लोक संगीत और पारंपरिक विरासत के संरक्षण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। लोक मेलों और सांस्कृतिक आयोजनों को प्रोत्साहित करने से हमारी सांस्कृतिक पहचान को अब राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर नई ऊँचाइयाँ मिल रही हैं।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार विधायक-धनोल्टी, किशोर उपाध्याय विधायक- टिहरी, मुलायम सिंह रावत-भाजयुमो महामंत्री एवं कार्यक्रम आयोजक और विशिष्ट अतिथि भी उपस्थित रहे। महोत्सव में थौलधार क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों और स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
