आत्मविश्वास से लबरेज अमनजोत कौर: वर्ल्ड कप जीतने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे

मुंबई: भारतीय टीम की ऑलराउंडर अमनजोत कौर ने कहा कि उनकी टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 380 रन के लक्ष्य का अनुमान लगा रही थी। उन्होंने कहा कि लिचफील्ड के आउट होने और स्पिनर चारणी की शानदार गेंदबाजी की वजह से ऐसा नहीं हुआ। मैच के बाद अमनजोत ने कहा, मैं रन रोकने की हरसंभव कोशिश कर रही थी, क्योंकि लिचफील्ड काफी आक्रामक बल्लेबाज हैं। मुझे पता था कि कुछ गेंदें खाली जाने के बाद वह कुछ अलग करने का प्रयास करेंगी। मैं सिर्फ स्टंप पर गेंद डालने की कोशिश कर रही थी। श्रीचरणी ने अपने तीसरे स्पेल में तीन ओवर में नौ रन देकर दो विकेट लिए। उन्होंने बेथ मूनी (24) और अनाबेल सदरलैंड (तीन) को आउट किया। अमनजोत ने कहा, हमें लगा था कि लक्ष्य 380 के आसपास होगा, लेकिन विकेट बहुत अच्छा था।

लिचफील्ड के आउट होने के बाद मैच का रुख हमारे पक्ष में हो गया और चरणी ने उम्दा गेंदबाजी की। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया को हराने की खुशी ही अलग होती है। उन्होंने कहा, यह काफी महत्त्वपूर्ण था, क्योंकि यह इतना बड़ा टूर्नामेंट है। कुछ मैचों के नतीजे हमारे अनुकूल नहीं रहे और ऑस्ट्रेलिया को हराने की तो खुशी ही अलग है। विश्व कप कौन नहीं जीतना चाहता। हरमनप्रीत, स्मृति और पूरा देश जीतना चाहता है। हम जीतने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे।