महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी योजना बनाने की जरूरत: मुख्यमंत्री धामी

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देवभूमि में महिलाओं की सुरक्षा के साथ ही महिला सशक्तीकरण का देशभर में संदेश जाए, इसके लिए प्रभावी योजना के साथ काम करना होगा। महिलाएं रोजगार व स्वरोगार से अधिक संख्या में जुड़े, इस दिशा में भी सभी विभागों को मिलकर प्रयास करने हैं।

शुक्रवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री धामी ने महिला श्रमिकों की सुरक्षा एवं सशक्तीकरण की बैठक के दौरान अधिकारियों को यह निर्देश दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सशक्तिकरण व महिला सुरक्षा की दिशा में राज्य में इस तरह से प्रयास किए जाए कि देवभूमि का संदेश देशभर में जाए।

मुख्यमंत्री ने महिला कामगारों की सुरक्षा के लिए विभागीय स्तर पर भी ठोस योजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस हेल्प डेस्क और हेल्पलाइन नम्बर 112 को और मजबूत बनाया जाए। नियमों के तहत महिलाओं को जो मातृत्व अवकाश का प्रावधान है, यह सुनिश्चित किया जाए कि नियमानुसार सभी महिलाओं को यह सुविधाएं मिले। संस्थानों में भी महिलाओं के लिए हेल्पडेस्क बनाया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी व्यवस्था की जाए कि विभिन्न संस्थानों में कार्य करने वाली महिलाओं के पंजीकरण की व्यवस्था हो। इसके लिए पुलिस,श्रम एवं संबंधित विभागों द्वारा सिस्टम विकसित किया जाए। महिला उत्पीड़न को रोकने के लिए जनपद स्तर पर गठित कमेटी की नियमित बैठकें हों। कार्य स्थल पर यौन उत्पीड़न की शिकायतों का प्रभावी निदान के लिए शी बॉक्स (सेक्सुअल हैरसमेंट इलेक्ट्रानिक बॉक्स) के बारे में आम जन को जानकारी हो, इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी विभाग टीम भावना से कार्य करें। अपने-अपने विभागों की कार्यप्रणाली में बेहतर सुधार हो,इस दिशा में सबको ध्यान देने की जरूरत है। बाल श्रम को रोकने के लिए और प्रभावी प्रयासों की जरूरत है।

बैठक में डीआईजी सेंथिल अबुदई कृष्णराज एस ने प्रस्तावित वन स्टॉप सॉल्यूशन एप का प्रस्तुतीकरण दिया। वन स्टॉप सॉल्यूशन ऐप के माध्यम से राज्य में संगठित व असंगठित क्षेत्र में कार्यरत महिलाएं नियुक्ति के समय अपना पंजीकरण करा सकेंगी। कामकाजी महिलाओं के साथ ही औद्योगिक संस्थानों,कारखानों एवं नियोक्ताओं को भी अपने महिला कार्मिकों एवं श्रमिकों का पंजीकरण वन स्टॉप सॉल्यूशन एप में करवाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

इस मौके पर अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, डीजीपी अशोक कुमार, एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) वी. मुरूगेशन, सचिव आर.मीनाक्षी सुंदरम, दीपेन्द्र चौधरी, एचसी सेमवाल, आईजी विमला गुंज्याल, डीआईजी सेंथिल अबुदई कृष्णराज एस, अपर सचिव आनन्द श्रीवास्तव, दीप्ति सिंह, अतर सिंह, जेसी काण्डपाल व संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।