हिमाचल में हिमस्खलन की चेतावनी : डीजीआरई

शिमला: हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के बाद रक्षा भू-सूचना विज्ञान अनुसंधान प्रतिष्ठान (डीजीआरई) ने हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में हिमस्खलन की चेतावनी दी है। जिला आपदा प्रबंधन को इसकी एडवाइजरी जारी की गई है। इसके अलावा मोबाइल पर मैसेज भेजकर भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। डीजीआरई ने अटल टनल के साऊथ और नॉर्थ पोर्टल, मढ़ी-रोहतांग और कोकसर क्षेत्र में हिमस्खलन गिरने की आशंका जताई है। इन क्षेत्रों को हिमस्खलन के लिहाज से असुरक्षित श्रेणी में रखा गया है। डीजीआरई की ओर से जारी की गई एडवाइजरी जारी कर जिला प्रशासन को अलर्ट रहने के लिए कहा गया है।

मंगलवार को अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। हालांकि कई क्षेत्रों में धूप के साथ-साथ बादल छाने का सिलसिला भी जारी रहा। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अब 5 फरवरी तक मौसम साफ रहेगा। इस दौरान बारिश या बर्फबारी के कोई आसार नहीं हैं। बीते दिनों में प्रदेश के ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी के बाद न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई है, जिससे सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ गई है। राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री सैल्सियस, कल्पा में -5.0 डिग्री सैल्सियस, केलांग में -8.03 डिग्री सैल्सियस, मनाली में 0.4, कुफरी में 1.5, कुकुमसेरी में -7.6, नारकंडा में -1.0 डिग्री, सोलन में 3.3 डिग्री, बिलासपुर में 5.0, हमीरपुर में 6.2 और डल्हौजी में 1.0 सैल्सियस तापमान दर्ज किया गया है।