उत्तर प्रदेश: विधानसभा मानसून सत्र की कार्यवाही शुरू,सपा ने किया बहिर्गमन

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र की कार्यवाही शुक्रवार को शुरू हो गयी है। मानसून सत्र का आज आखिरी दिन है। सदन का समय बढ़ाए जाने की मांग करते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायकों ने सदन से बहिर्गमन किया।

विधानसभा से बाहर निकले नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव अचानक सड़क पर उतर गये। वह सपा विधायकों के साथ पैदल मार्च करते हुए पार्टी कार्यालय पहुंचे। अखिलेश यादव के साथ पूर्व मंत्री अवधेश प्रसाद, सपा विधायक मनोज पांडेय, अमिताभ बाजपेई, रविदास मेहरोत्रा, राजेन्द्र चौधरी प्रमुख रूप से रहें। सपा विधायकों ने हाथों में तख्तियां लेकर पैदल मार्च किया।

राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

इससे पूर्व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल से भी भेंटकर ज्ञापन सौंपा। राज्यपाल से मिलकर बाहर निकले अखिलेश यादव ने कहा कि पार्टी के नेता आजम खान पर झूठे केस लगाये गये हैं। सपा नेता अखिलेश ने कहा कि आजम के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। सरकार बदले की नीयत से आजम खान को प्रताड़ित कर रही है।