फिल्मकारों को बेहतर माहौल उपलब्ध कराने के लिए उप्र को मिला पुरस्कार

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार को फिल्मकारों को बेहतर माहौल देने के लिए केंद्र से पुरस्कार मिला है। 68वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में उत्तर प्रदेश को यह सम्मान मिला है। राज्य को मिला यह सम्मान दिल्ली में योगी सरकार के संसदीय कार्य एवं वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों से ग्रहण किया।

उप्र को ‘स्पेशल मेंशन सर्टिफिकेट’ कैटेगरी में यह पुरस्कार मिला है। एक प्रकार से योगी सरकार की फिल्म प्रोत्साहन नीति को फिर से सफलता मिली है।

68वां राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह एवं दादासाहेब फाल्के पुरस्कार-2020 का आयोजन शुक्रवार को दिल्ली के विज्ञान भवन में किया गया। इसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उत्तर प्रदेश के संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना को अपने राज्य में फिल्मकारों के स्वागत एवं उनके प्रति सक्रिय दृष्टिकोण के लिए स्पेशल मेंशन सर्टिफिकेट से सम्मानित किया।

योगी आदित्यनाथ सरकार लगातार फिल्म निर्माण को प्रोत्साहन दे रही है। फिल्मों को टैक्सफ्री करने से लेकर उप्र में सूटिंग होने पर अन्य छूट भी दी जा रही है। इसके साथ ही उप्र सरकार नोएडा में फिल्म सिटी का निर्माण भी कर रही है।