देश-प्रदेश में उखड़े कांग्रेस के तंबू : मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर

ऊना: मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश ही नहीं पूरे देश में कांग्रेस के तंबू उखड़ चुके है। मुख्यमंत्री शनिवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र के कांगड़ में प्रदेश के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।

जयराम ठाकुर ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष बार-बार बोल रहे है कि भाजपा तंबू लगाकर बड़े-बड़े कार्यक्रम कर रही है।

सीएम ने कहा कि हमारे तंबू लगे है, लेकिन कांग्रेस के उखड़ चुके है। इसमें हम कुछ नहीं कर सकते। कांग्रेस प्रदेश में भी व दिल्ली में भी अपनी जमीन खो चुके है। अगले 20 वर्षो में भी कांगे्रस दोबारा खड़ी नहीं हो पाएगी।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में इस बार रिवाज बदलेगा। यूपी, उत्तराखंड, मणिपुर, हरियाणा में जनता ने भाजपा की सरकारों को पुन: सत्ता में ला इसे साबित किया है। वहीं अब हिमाचल प्रदेश में भी निश्चित रुप से जनता डबल इंजन की सरकार को पुन: सत्ता में आने का अवसर देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व प्रदेश में पूरी तरह बिखराव की स्थिति में है।