दुष्कर्म मामले में चार आरोपितों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल

हरिद्वार: मां-बेटी के साथ बीती 24 जून को चलती कार में दुष्कर्म मामले में पुलिस ने चार आरोपितों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की है। इस मामले की जांच सिविल लाइन कोतवाली रुड़की की दारोगा करुणा रोंकली कर रही थीं। मामले में पुलिस ने जांच पूरी करने के बाद चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की है। महिला के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपित महक सिंह के मामले में जांच जारी है।

रुड़की के कलियर क्षेत्र निवासी एक महिला 24 जून को अपनी 6 साल की बेटी के साथ रुड़की आई थी। रात को वह कलियर जा रही थी। इसी दौरान इमलीखेड़ा निवासी महक सिंह उर्फ सोनू ने उन्हें कलियर छोड़ने के बहाने से अपनी बाइक पर बैठा लिया था। बाइक सवार आरोपित मां-बेटी को सोलानी पार्क में ले गया, जहां पर महक सिंह ने महिला के साथ दुष्कर्म किया था।

इसी दौरान वहां पर ऑल्टो कार में सवार चार व्यक्ति आ गए। उन्होंने मां-बेटी को कार में डाल दिया और वहां से फरार हो गए। इसके बाद कार सवार आरोपित उन्हें कोर कॉलेज से मंगलौर की तरफ जाने वाले रास्ते पर ले गए। जहां पर इन्होंने मां और उसकी बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। मां-बेटी से सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद आरोपितों ने उन्हें सड़क किनारे फेंक दिया और वहां से फरार हो गए थे।

मां-बेटी से सामूहिक दुष्कर्म की घटना से हड़कंप मच गया था। गंभीर अवस्था में कई दिनों तक बच्ची रुड़की के सिविल अस्पताल में भर्ती रही थी। जहां पर महिला आयोग की टीम ने भी पीडि़ता के बयान दर्ज किए थे। पुलिस ने मां-बेटी को ले जाने वाले आरोपित महक सिंह की बाइक का नंबर ट्रेस कर उसे गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ऑल्टो कार को ट्रेस कर राजीव उर्फ विक्की तोमर और सुबोध निवासी ग्राम बेलड़ा, थाना भोपा मुजफफरनगर, सोनू तेजियान और जगदीश निवासी ग्राम साल्हापुर, थाना देवबंद सहारनपुर को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपितों ने पुलिस पूछताछ में बताया था कि वह सोनू के रिश्तेदार की शादी की पार्टी करने सोलानी पार्क आए थे। वहां से उन्होंने मां और बेटी का अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म किया था।