राष्ट्रपति मुर्मू ने ऊंची कूद स्पर्धा में कांस्य जीतने पर तेजस्विन शंकर को दी बधाई

नई दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रमंडल खेल 2022 में ऊंची कूद स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने पर एथलीट तेजस्विन शंकर को बधाई दी है।

राष्ट्रपति ने ट्वीट किया, कांस्य पदक जीतने वाले तेजस्विन शंकर का उत्कृष्ट प्रदर्शन। राष्ट्रमंडल खेलों में ऊंची कूद में पदक जीतने वाले पहले भारतीय बनने पर बधाई। आपने देश को गौरवान्वित करने के लिए अनुकरणीय संकल्प का प्रदर्शन किया। कई और प्रेरक कारनामों के लिए मेरी शुभकामनाएं।

शंकर ने राष्ट्रमंडल खेलों में ट्रैक एंड फील्ड इवेंट में भारत के पदकों का खाता खोला। पुरुषों के हाई जंप इवेंट के फाइनल में तेजस्विन ने 2.22 मीटर के जंप के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया। इसी के साथ वह राष्ट्रमंडल खेलों में हाई जंप में भारत के लिए पदक जीतने वाले पहले एथलीट बन गए।

बता दें कि भारत ने राष्ट्रमंडल खेल 2022 में अब तक 5 स्वर्ण सहित कुल 15 पदक जीत लिए हैं।