नेहरूग्राम गोलीकांडः देर रात मुठभेड़ के बाद दो आरोपी गिरफ्तार

देहरादून: रायपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेहरूग्राम इलाके में रविवार की रात हुए गोलीकांड मामले में फरार दो आरोपियों को दून पुलिस ने हरिद्वार पुलिस के साथ मिलकर देर रात एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने दोनों को  अस्पताल में भर्ती कराया है।

बता दें कि नेहरूग्राम गोलीकांड में सात आरोपी शामिल थे। वारदात  के बाद ही तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी। दून पुलिस ने 18 जून को दो आरोपियों की गिरफ्तारी की थी। साथ ही देर रात फरार दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद सभी 07 आरोपियों को गिरफ्तार कर ली गई है। इस तरह रवि बडोला और उसके दो दोस्तों को गोली मारने वाली घटना में शामिल सातों आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

जानकारी के अनुसार इस वारदात में शामिल दो आरोपी योगेश और मनीष फरार चल रहे थे। फरार आरोपियों की तलाश में लगातार सर्चिंग ऑपरेशन चलाए जा रहे थे। दून पुलिस को आरोपियों के हरिद्वार में होने की सूचना मिली थी। हरिद्वार पुलिस के साथ संयुक्त ऑपरेशन चलाकर हरिद्वार के सभी क्षेत्रों में तलाशी अभियान तेज किया गया। बहादराबाद क्षेत्र के अंर्तगत आरोपियों के आने की सूचना मिली। जैसे ही आरोपी आए, तो पुलिस ने उनसे सरेंडर करने को कहा। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने सरेंडर करने की जगह फायरिंग कर दी। फायरिंग करते हुए दोनों आरोपियों ने भागने की कोशिश की। इसके जवाब में पुलिस ने भी उन पर फायर किए। पुलिस की फायरिंग में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी है। पुलिस ने मौके पर दोनों मनीष और योगेश को गिरफ्तार करते हुए अस्पताल में भर्ती कराया।