मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने स्मार्ट सिटी कार्यों का किया निरीक्षण, जताई नाराजगी

देहरादून: शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने शहर में चल रहे स्मार्ट सिटी के कार्यों का शुक्रवार को स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मंत्री ने धीमी गति से चल रहे कार्यों पर नाराजगी जाहिर करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।

शुक्रवार शाम मंत्री प्रेमंचद अग्रवाल ने राजपुर विधायक खजान दास, मेयर सुनील उनियाल गामा और स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोनिका संग नैनो बेकरी, गांधी पार्क और अन्य स्थानों पर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान मंत्री ने कहा कि निर्माण कार्यों में जो भी विभाग देरी कर रहा है उन सभी के खिलाफ सख्त कदम उठाया जाए। अभी तक निर्माण को देखकर लगता है कि इस पर गंभीरता नहीं दिखाई गई। उन्होंने कार्यदायी संस्था के साथ ही संबंधित अधिकारियों को कार्य पूरा करने के लिए निर्देश दिए।

शहरी विकास मंत्री ने अधिकारियों व ठेकेदार को निर्देशित किया कि नैनी बेकरी के निकट होने वाले स्मार्ट रोड के कार्य को शीघ्र पूर्ण किया जाए। उन्होंने कार्य शीघ्र न होने की स्थिति में ठेकेदार पर कार्रवाई करने के लिए देहरादून स्मार्ट सिटी की सीईओ को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि स्मार्ट रोड के कार्य में जहां भी गड्डे, नालियां आदि हैं उन्हें कवर कर दिया जाए। साथ ही समय-समय पर कार्य स्थल पर कीटनाशक का छिड़काव किया जाए।

मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने गांधी पार्क से घंटाघर की तरफ होने वाले स्मार्ट रोड के कार्य का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने स्मार्ट रोड के अंतर्गत फुटपाथ निर्माण के कार्य में देरी होने पर ठेकेदार एवं स्मार्ट सिटी के अधिकारियों से कारण स्पष्ट करने को कहा। स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोनिका को निर्देशित किया कि कार्य की समय सीमा को निर्धारित किया जाए और तय समय में कार्य संपन्न नहीं होता है तो ठेकेदार खिलाफ कार्रवाई की जाए।

इस दौरान मेयर सुनील उनियाल ने कहा कि लगातार स्मार्ट सिटी के कार्य को लेकर अधिकारियों से वार्ता की जा रही है, लेकिन अधिकारी समय पर कार्य नहीं कर रहे हैं।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोनिका ने कहा कि अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही स्मार्ट सिटी के कार्यों की मॉनिटरिंग की जा रही है। संबंधित विभाग कार्यों में तेजी लाए इसके लिए निर्देशित किया गया है। आने वाले समय में स्मार्ट सिटी का कार्य जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा।