नाहन विधानसभा क्षेत्र में विधायक खेलकूद प्रतियोगिताएं-2022 का होगा आयोजन

नाहन: नाहन विधानसभा क्षेत्र में विधायक खेलकूद प्रतियोगिताएं-2022 का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिताएं खंड वार (जोन) आयोजित की जाएगी जिसके लिए विधानसभा क्षेत्र को चार खंडों में बांटा गया है। खिलाड़ियों की सुविधा के लिए जमटा, कोलर, त्रिलोकपुर और सतीवाला चार खंड बनाए गएं हैं। जमटा खंड की प्रतियोगिताएं 12 सितम्बर को बालासुंदरी खेल मैदान जमटा में आयोजित की जाएंगी। विधायक एवं पूर्व अध्यक्ष हि.प्र. विधानसभा डा. राजीव बिन्दल ने बताया कि युवा वर्ग शरीरिक और मानसिक रूप से सुदृढ़ होकर अपनी ऊर्जा को देश और समाज के हित में लगाए, यह प्रयास हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर द्वारा निरंतर किया जा रहा है। इसके साथ ही हमारा युवा वर्ग नशे जैसी बुराई से दूर रहे, उसका मन और तन स्वस्थ रहे, इस उददेश्य की पूर्ति के लिए विगत की भांति इस बार भी हम भाजपा नाहन मंडल के खेल प्रकोष्ठ के माध्यम से ‘‘विधायक खेलकूद प्रतियोगिताएं-2022’’ का आयोजन नाहन विधानसभा क्षेत्र में खंडवार कर रहे हैं। डा. बिन्दल ने बताया कि जमटा खंड के तहत 12 सितम्बर को आयोजित होनी वाली कबडडी, कुश्ती प्रतियोगिताओं में धगेड़ा, पंजाहल, नैहली धीड़ा, नावनी जमटा, बनेठी, चाकली, क्यारी, सुरला, देवका, सैन की सेर और रामा-धौण पंचायतों के खिलाड़ी भाग लेंगे। उन्होंने सम्बन्धित पंचायतों के खिलाड़ियों से विधायक खेलकूल प्रतियोगिता-2022 में भाग लेने के लिए सम्बन्धित पंचायत के माध्यम से अपनी टीमों का समय पर पंजीकरण करवाने का आग्रह करते हुए सभी युवाओं से इस खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेने का आहवान किया है।