सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष समेत कई नेताओं ने दिया इस्तीफा

देहरादून: पूर्व मंत्री ओमप्रकाश राजभर की सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महेंद्र राजभर समेत कई नेताओं ने सामूहिक रूप से इस्तीफा दे दिया हैं। बता दें कि राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महेंद्र राजभर काफी समय से नाराज थे।

सोमवार को मऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान महेंद्र राजभर ने सुभासपा प्रमुख पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ओमप्रकाश राजभर परिवारवाद कर रहे हैं। सुभासपा अब पिता-पुत्र की पार्टी बनकर रह गई है। ओमप्रकाश गरीबों की बात करते थे, लेकिन वह अपने मिशन से भटक गए हैं।

उन्होंने आगे कहा कि सुभासपा प्रमुख पैसे लेते हैं और पार्टी में कार्यकर्ताओं का सम्मान नहीं होता। ओमप्रकाश राजभर का संबंध जेल में बंद बाहुबली मुख्तार अंसारी से है। मुख्तार सुभासपा प्रमुख के बड़े भाई हैं। ओमप्रकाश राजभर कोई भी फैसला मुख्तार अंसारी से पूछे बिना नही लेते।

उन्होंने कहा ओमप्रकाश राजभर मुख्तार के फरार बेटे व विधायक अब्बास अंसारी को बचाने की कोशिश में जुटे हैं।

महेंद्र राजभर ने कहा कि हम 30 लोग आज पार्टी से इस्तीफा दे रहे हैं। विधानसभा चुनाव 2022 में हम लोगों ने पार्टी के लिए पूरी मेहनत की। अब्बास अंसारी के समर्थन में नहीं थे लेकिन पार्टी के हर फैसले में साथ थे।

उन्होंने कहा कि 20 साल पहले हम सभी की मौजूदगी में पार्टी बनाई गई थी। उस समय पार्टी का मिशन गरीब, दलित, मजदूर और वंचित समाज का उत्थान रखा गया था जबकि उसके बाद से कार्यकर्ताओं के खून-पसीने से बनी पार्टी का इस्तेमाल ओमप्रकाश राजभर ने केवल धन बटोरने के लिए किया।

महेंद्र राजभर ने आगे कहा कि हाल के दिनों में कई नेताओं ने उन्हें मनाने की कोशिश की थी।