लंपी वायरस से निपटेगी केंद्र सरकार, हिमाचल पहुंचेंगी पशुपालन मंत्रालय की टीम

शिमला: हिमाचल प्रदेश में तेजी से फैल रहे लंपी वायरस की रोकथाम के लिए केंद्र ने प्रदेश सरकार की मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाए हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद जगत प्रकाश नड्डा के हस्तक्षेप के बाद केंद्रीय पशुपालन राज्य मंंत्री संजीव कुमार बालयन ने केंद्रीय टीम को प्रदेश के दौरे पर भेजने का निर्णय लिया है। इसकी पुष्टि भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य स्वदेश ठाकुर ने की है।

उन्होंने शनिवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि जैसे ही भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को प्रदेश में तेजी से फैल रहे लंपी वायरस के बारे में जानकारी मिली। उन्होंने तुरंत केंद्रीय पशु पालन राज्य मंत्री संजीव कुमार बालयन से इस बारे बात की। इस पर केंद्रीय राज्य मंत्री ने तुरंत संज्ञान लेते हुए इस बीमारी की रोकथाम के लिए पशु विशेषज्ञों की केंद्रीय टीम को बिलासपुर में भेजने का निर्णय लिया है। यह टीम सोमवार को सबसे पहले जिला प्रशासनिक अधिकारियों से प्रभावित क्षेत्रों का की जानकारी लेगी। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों के साथ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेगी।

वायरस की रोकथाम के लिए नि:शुल्क दवाइयां और वैक्सीन उपलब्ध करवाएंगे। स्वदेश ठाकुर ने बताया कि पशुपालन विभाग की ओर से मिली जानकारी के अनुसार जिला में अभी तक 3155 मवेशी लंपी वायरस की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 127 की मौत हो चुकी है। उधर, भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य स्वदेश ठाकुर ने बताया कि केंद्रीय टीम सोमवार को बिलासपुर पहुंचेगी और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेगी और पशुपालकों से भी मिलेगी। लंपी वायरस से पीडि़त पशुओं के उपचार के लिए नि:शुल्क दवाइयां और वैक्सीन उपलब्ध करवाएगी।