फोरलेन प्रभावितों को तत्काल चार गुणा मुआवजा दे सरकार : अलका लांबा

कुल्लू: आचार संहिता लगने से पहले फोरलेन प्रभावितों के खाते में फेक्टर-2 के तहत चार गुणा मुआवजा डाल दें अन्यथा कांग्रेस सरकार में आते ही यह मुआवजा जारी करेगी। यह बात कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता अलका लांबा ने केंद्र व प्रदेश की डबल इंजन सरकार को घेरते हुए कही।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 2013 में भूअधिग्रहण कानून लाया जिसमें किसानों को चार गुणा मुआवजा देने का प्रावधान रखा। लेकिन 2015 में न्यायालय ने फैक्टर एक को गैरकानूनी बताया और फैक्टर दो को लागू किया। 2017 में विधानसभा चुनाव आए तो केंद्र से लेकर प्रदेश तक के नेताओं ने चार गुणा मुआवजा को प्रमुख मुद्दा बनाया और अपने घोषणा पत्र में भी यह मुद्दा शामिल किया।

लांबा ने कहा जनता ने इस मुद्दे पर मोहर लगाई और सरकार भी भाजपा की बनाई। पांच साल सरकार बने भी हुआ और किसानों को मुआवजा नहीं मिला। उन्होंने कहा कि नितिन गडकरी आपके समाचार के माध्यम से कह रहे हैं कि हिमाचल कहे तो देंगे चार गुणा मुआवजा। हिमाचल कह ही नहीं रहा है चीख रहा है,सड़कों पर है लेकिन मुआवजा नहीं दिया जा रहा है। यही नहीं गडकरी भूल गए कि हिमाचल ने 2017 में भी कहा था कि चार गुणा मुआवजा चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि आचार संहिता लगने से पहले मुआवजा नहीं दिया तो कांग्रेस सरकार सत्ता में आते ही फोरलेन प्रभावितों को चार गुणा मुआवजा देंगें।

उन्होंने कहा कि आज जनता मंहगाई से त्रस्त है। वेरोजगारी से परेशान है। गैस सिलेंडर 450 से 1150 हो गया है। उन्होंने कांग्रेस की 10 ग्राटिंयों पर बोलते हुए कहा कि कांग्रेस सत्ता में आते ही ओपीएस बहाल करेगी। उन्होंने कहा कि हैरानी इस बात की है कि हिमाचल में 30 रुपए किलोग्राम सेब बिक रहा है और दिल्ली में अडानी का स्टीकर लग कर वोही सेब 550 रुपए किलोग्राम बिक रहा है।

इसलिए कांग्रेस ने निर्णय लिया है कि हिमाचल का किसान स्वयं दाम तय करेंगें। उन्होंने कहा कि रोजगार यात्रा में युवाओं को भरपूर समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कांग्रेस की सभी 10 ग्राटिंयों पर चर्चा की।

अलका लांबा ने कहा है कि जयराम सरकार केंद्र की कठपुतली बनकर रह गई है। यह इतिहास की सबसे कमजोर सरकार साबित हुई है। अधिकारियों पर पकड़ नहीं है। उन्होंने कहा कि जनता जयराम सरकार को नकार चुकी है यही कारण है कि लोकसभा उपचुनाव में कांग्रेस जीती है।

अलका लांबा ने कहा कि कांग्रेस कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा कर रही है और 3570 किलोमीटर की इस यात्रा में हर राज्य में भरपूर समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चल रही है और भाजपा जल रही है। हम जोड़ रहे हैं भाजपाई तोड़ रहे हैं।