बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी का निधन

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी का सोमवार को नई दिल्ली में निधन हो गया । वह 72 वर्ष के थे।  मोदी गले में कैंसर की बीमारी से पीड़ित थे और उनका इलाज दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में चल रहा था, वहीं उन्होंने अंतिम सांस ली।

उनके परिवार में उनकी पत्नी के अलावा दो पुत्र हैं । बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सोशल नेटवर्किंग साइट एक्स पर इसकी पुष्टि की । उन्होंने लिखा,”बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व डिप्टी सीएम सुशील मोदी अब हमारे बीच नहीं रहे।

पूरे भाजपा संगठन परिवार के साथ-साथ मेरे जैसे असंख्य कार्यकर्ताओं के लिए यह एक अपूरणीय क्षति है। अपने संगठन कौशल, प्रशासनिक समझ और सामाजिक राजनीतिक विषयों पर गहरी जानकारी के लिए वे हमेशा याद किए जाएंगे। ईश्वर दिवंगत आत्मा को चिरशांति और परिजनों को इस शोक की घड़ी में संबल प्रदान करें।” 

प्रधानमंत्री ने सुशील मोदी के निधन पर शोक जताया 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सुशील कुमार मोदी के निधन पर शोक जताया और कहा कि वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) पारित होने में उनकी सक्रिय भूमिका सदैव स्मरणीय रहेगी। 

सुशील मोदी पिछले कुछ समय से कैंसर से जूझ रहे थे। उनका सोमवार रात निधन हो गया। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “पार्टी में अपने मूल्यवान सहयोगी और दशकों से मेरे मित्र रहे सुशील मोदी जी के असामयिक निधन से अत्यंत दुख हुआ है।” उन्होंने कहा कि बिहार में भाजपा के उत्थान और उसकी सफलताओं के पीछे उनका अमूल्य योगदान रहा है। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि आपातकाल का पुरजोर विरोध करते हुए, उन्होंने छात्र राजनीति से अपनी एक अलग पहचान बनाई थी और वह बेहद मेहनती व मिलनसार विधायक के रूप में जाने जाते थे। उन्होंने कहा, “राजनीति से जुड़े विषयों को लेकर उनकी समझ बहुत गहरी थी। उन्होंने एक प्रशासक के तौर पर भी काफी सराहनीय कार्य किए। जीएसटी पारित होने में उनकी सक्रिय भूमिका सदैव स्मरणीय रहेगी। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं।” 

मैंने आज अपना सच्च दोस्त खो दिया: नीतीश
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्व उपमुख्यमंत्री और पूर्व राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने आज अपना सच्चा दोस्त खो दिया। नीतीश कुमार ने सोमवार को अपने शोक संदेश में कहा, “स्व. सुशील कुमार मोदी जेपी आंदोलन के सच्चे सिपाही थे। उपमुख्यमंत्री के तौर पर भी उन्होंने हमारे साथ काफी वक्त तक काम किया। मेरा उनके साथ व्यक्तिगत संबंध था और उनके निधन से मैं मर्माहत हूं। मैनें आज सच्चा दोस्त और कर्मठ राजनेता खो दिया है।” 

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने ईश्वर से कामना की है कि स्व. सुशील कुमार मोदी के परिजनों, समर्थकों और प्रशंसकों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करें। 

योगी ने सुशील मोदी के निधन पर दुख व्यक्त किया
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने  सुशील मोदी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है और उन्हे श्रद्धाजंलि अर्पित की है। योगी ने एक्स पर पाेस्ट किया “ बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री, भाजपा परिवार के वरिष्ठ सदस्य सुशील कुमार मोदी जी का निधन अत्यंत दुःखद है। मेरी ओर से उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। उन्होंने देश और समाज की जीवनपर्यंत सेवा की। 

उनका संघर्ष कार्यकर्ताओं के लिए हमेशा प्रेरणा का कार्य करेगा। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने चरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहने की शक्ति दें।”