सीएम योगी आदित्यनाथ ने चौधरी चरण सिंह की जयंती पर अर्पित की श्रद्धांजलि

लखनऊ: सीएम योगी आदित्यनाथ ने आज पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने किसानों के कल्याण के लिए पूर्व प्रधानमंत्री के संघर्ष को भी याद किया। योगी ने शुक्रवार सुबह लखनऊ में विधानसभा के मुख्य द्वार पर स्थापित चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर उप मुख्‍यमंत्री ब्रजेश पाठक, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और जल शक्ति मंत्री स्‍वतंत्र देव सिंह समेत कई प्रमुख हस्तियों ने भी पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की। पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री ने विधानसभा के सामने कृषक उत्पादक संगठनों को दिए जाने वाले ट्रैक्टर को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस मौके पर सीएम योगी ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने किसानों की भलाई के लिए कई काम किये हैं। उन्होंने कहा किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री किसान कल्याण योजना जैसी कई कल्याणकारी योजनाएं किसानों के लिए ही हैं। उन्होंने कहा सभी योजनाएं बिना किसी बिचौलिए के किसानों तक सीधे लाभ पहुंचा रही हैं। उन्होंने कहा पिछली सरकारें जहां चीनी मीलों को बेचने का काम करती थी वहीँ हम प्रदेश में नयी मिलें लगा रही हैं। सीएम योगी ने कहा चौधरी साहब के किसानों को लेकर देखे गए हर सपने को हमारी सरकार साकार करेगी। उन्होंने कहा हमने सीमान्त किसानों को उनकी जोत की जमीन उनके नाम करने का काम किया है। प्रदेश में वैज्ञानिक तरीके से अनुदान आधारित खेती कर आज किसान समृद्ध हो रहे हैं। 

सीएम योगी ने कहा उत्तर प्रदेश कृषि प्रधान राज्य है। हमारा उद्देश्य किसानों की आय को दोगुना करना है। उन्होंने कहा हमने किसानों का 86 हजार करोड़ रुपये का कर्ज माफ़ किया। उन्होंने कहा पीएम मोदी कृषि विकास दर को बढ़ने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। प्रदेश में 89 कृषि विज्ञान केंद्र संचालित हो रहे हैं। प्रदेश सरकार प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दे रही है। इसके लिए हर जिले में सेंटर खोले जा रहे हैं। इस कार्यक्रम को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार के साथ मिलकर मिशन मोड में काम किया जा रहा है। योगी ने कहा किसानों ने कोरोना काल के दौरान देश को भुखमरी से बचाया। कठिन समय में हमारे किसान भाई डटे रहे और देश का पेट भरा।