मुख्यमंत्री सुक्खू के जनता दरबार में पहुंचे सैंकड़ों फरियादी, किसी को नहीं किया निराश

शिमला: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के ओकओवर में लगे जनता दरबार में शुक्रवार को सैंकड़ों की संख्या में फरियादी मिलने पहुंचे। इनमें से कोई वित्तीय मदद की आस लेकर आया था तो कोई अपना तबादला रद्द करने की आस से आया था। मुख्यमंत्री ने किसी को निराश नहीं किया। वह लाइन में लगे फरियादियों से खुद बारी-बारी मिले और अधिकांश लोगों की समस्याओं का निपटारा करने के अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश दिए। उन्होंने मिलने पहुंचे कुछ दिव्यांगों के साथ खिलाड़ियों को वित्तीय मदद भी प्रदान की। उन्होंने युवा खिलाड़ियों से देश और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए मेहनत से कार्य करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री से हिमाचल प्रदेश शास्त्री संघ के प्रतिनिधिमंडल ने भी मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने पुराने नियमों के आधार पर भर्ती की मांग की। इस पर मुख्यमंत्री ने उनकी समस्याओं को लेकर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री से मिलने वाले कई फरियादी उनके पैर भी छू रहे थे। उन्होंने इस दौरान महिलाओं सहित अन्य फरियादियों को पैर छूने से रोका। उन्होंने कहा कि वह जनता की सेवा करने के लिए यहां पर हैं तथा जो कार्य उनके अधिकार क्षेत्र में होगा उसको प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। मुख्यमंत्री के पास कुछ मामले ऐसे भी आए, जिनमें लोगों ने ऋण ले रखा था। उन्होंने अधिकारियों को इसके भी विकल्प तलाशने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से जनता दरबार में मिलने आए कई फरियादियों ने मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए चैक सौंपे। इसके अलावा रामपुर के शिंगला से संबंध रखने वाले राजकुमार ने 51000 रुपए, गगरेट के विधायक चैतन्य शर्मा ने अंबोटा के राजकुमार और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गोंदपुर बनेहड़ा के प्रिंसीपल की तरफ से 120500 रुपए एवं हिमाचल प्रदेश कृषि सेवा संघ के अध्यक्ष डाॅ. रविंदर कुमार शर्मा ने 1111121 रुपए का चैक भेंट किया।