मुख्यमंत्री धामी ने जागेश्वर मेले का किया उद्घाटन, कई योजनाओं का लोकार्पण

अल्मोड़ा: मुख्यमंत्री शनिवार को जागेश्वर धाम पहुंचे और प्रसिद्ध श्रावणी मेले का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने 12 करोड़ से अधिक राशि की योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास भी किया। उन्होंने जागेश्वर धाम में पूजा अर्चना कर प्रदेश वासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। जागेश्वर धाम आगमन पर जागेश्वर मंदिर समिति की प्रबंधक ज्योत्सना पंत और अन्य ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उनकी सरकार विकल्प रहित संकल्प के मंत्र पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा की देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर गतिमान है। स्थापना वर्ष के 25 वें वर्ष में देश के सर्वश्रेष्ठ राज्यों में अपनी पहचान बनाएगा। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में बीते पांच वर्ष में राज्य के लिए 1.25 लाख करोड़ रुपये की योजनाएं स्वीकृत हुई हैं।

उन्होंने आयुष्मान योजना, अटल आवास योजना, उज्ज्वला योजना, मुद्रा योजना जैसी अनेक योजनाओं की उपलब्धियां गिनाई। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार भी लोकहित में योजनाओं का निर्माण कर रही है। प्रदेश में नई शिक्षा नीति के लागू होने से प्रदेश की शिक्षा प्रणाली में व्यापक सुधारवादी परिवर्तन देखने को मिलेंगे।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि समान नागरिक संहिता को लागू करने वाला उत्तराखंड पहला प्रदेश होगा। इसके लिए 5 सदस्य समिति ने कार्य प्रारंभ कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह कानून लागू होने से बीस से पचास प्रतिशत केस खत्म हों जाएंगे जिससे लोगों को राहत मिलेगी।

इस दौरान उन्होंने बताया कि राज्य सचिवालय में प्रत्येक सोमवार को नो मीटिंग डे का नियम बनाया गया है। उन्होंने कहा कि सरलीकरण, समाधान एवं निस्तारण का पालन करते हुए प्रत्येक सोमवार को जनता की फरियादें सुनी जाएंगी एवं उनका समाधान किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने हरेला पर्व पर प्रदेश वासियों को बधाई दी। उन्होंने जागेश्वर धाम परिसर में पौधारोपण भी किया।

मुख्यमंत्री धामी ने विधानसभा जागेश्वर में कुल 1235.4 लाख रुपये की योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया, जिसमें 77.31 लाख रुपये की योजनाओं का लोकार्पण एवं 1158.09 लाख रुपये की योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। जागेश्वर धाम के धार्मिक महत्व को समझते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मानस मंदिर माला योजना में जागेश्वर धाम का विकास किया जाएगा।

जिले के प्रभारी मंत्री चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने हरेला पर्व एवम श्रावणी मेले के शुभारंभ पर बधाइयां एवं शुभकामनाएं दी।

शिक्षा मंत्री डा. धन ने कहा कि आने वाले एक महीने में जनपद में सौ प्रतिशत शिक्षकों की तैनाती की जाएगी। उन्होंने कहा कि पहली बार जनपद में डॉक्टरों की पर्याप्त तैनाती की गई है। उन्होंने अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज एवं दन्या डिग्री कॉलेज की उपलब्धि पर जनपद वासियों को बधाई प्रेषित की तथा मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

स्थानीय विधायक मोहन सिंह मेहरा ने जागेश्वर धाम में लगने वाले श्रावणी मेले के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आने के लिए जनपद वासियों की ओर से उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने जागेश्वर विधानसभा के लिए 1235.4 लाख रुपये की योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

इस अवसर पर कपकोट विधायक सुरेश गडिया, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पार्वती मेहरा, भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा अध्यक्ष कुंदन लटवाल, मंडल अध्यक्ष प्रकाश भट्ट समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।