पंजाब में भाजपा ने मुख्यमंत्रीआवास पर किया कूच,पुलिस ने भांजी लाठियां

चंडीगढ़: पंजाब भाजपा नेताओं ने गुरुवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान के आवास का घेराव करने के लिए कूच किया। पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक लिया। भाजपा कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने उन पर वाटर कैनन का इस्तेमाल भी किया।

पुलिस द्वारा पानी की बौछारें छोड़ने के बाद भी भाजपा कार्यकर्ता नहीं माने। वह बेरिकेट्स के ऊपर चढ़ गए। इस दौरान विवाद बढ़ा तो पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज भी किया जिसमें कई कार्यकर्ता घायल हो गए। इसके बाद भाजपा नेताओं ने गिरफ्तारी दी।

भाजपा नेता जंगी लाल महाजन ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार में पंजाब में 10 गुणा भ्रष्टाचार बढ़ा है। विशेष सत्र की मंजूरी रद कर राज्यपाल ने संविधान की रक्षा की है। सुनील जाखड़ ने कहा कि संगरूर लोकसभा चुनाव में मिली हार भगवंत मान सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव है। इस चुनाव में तीन महीने में ही आप सरकार की नाकामी सामने आ गई थी।जाखड़ ने कहा कि आम आदमी पार्टी के 92 विधायक हैं। आप कह रही है कि प्रत्येक विधायक के लिए 25 करोड़ का ऑफर आया। जाखड़ ने कहा कि जो माल 5 लाख में बिकाऊ हो उसके लिए 25 करोड़ कौन देगा।पंजाब भाजपा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने राज्यपाल द्वारा विधानसभा के विशेष सत्र की मंजूरी रद्द करने का स्वागत करते हुए कहा कि दो-तिहाई बहुमत वाली पंजाब सरकार को विश्वास मत हासिल करने की क्या जरूरत है।