-रिकांगपिओ में जिला कांग्रेस की बैठक एवं प्रेस वार्ता संपन्न
–लोकतंत्र की रक्षा के लिए लामबंद हुई किन्नौर कांग्रेस, रिकांगपिओ में भरी हुंकार
रिकांगपिओ, 16 नवंबर 2026: जिला कांग्रेस कमेटी, किन्नौर द्वारा आज जिला कांग्रेस कार्यालय रिकांगपिओ में “वोट बचाओ–देश बचाओ” अभियान के तहत एक प्रेस वार्ता एवं संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया। इसमें वोट चोरी, चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता, मतदाता अधिकारों की सुरक्षा और लोकतांत्रिक संस्थाओं की जवाबदेही जैसे प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के पर्यवेक्षक एवं हरियाणा सरकार के पूर्व मंत्री राव दान सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे, जबकि बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी, किन्नौर के अध्यक्ष नेगी निगम भण्डारी ने की।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए राव दान सिंह और नेगी निगम भण्डारी ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, मतदाता सूचियों में पारदर्शिता, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और पात्र मतदाताओं के नाम सूची में बरकरार रखने के विषय पर अपने विचार रखे। नेताओं ने कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की आधारशिला हैं, इसलिए प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और पुनर्बहाली की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं निष्पक्ष होनी चाहिए। साथ ही, चुनावी प्रक्रिया पर उठ रहे सवालों का तथ्यों के आधार पर जवाब दिया जाना आवश्यक है, ताकि लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति आम जनता का विश्वास कायम रह सके।

इस दौरान आयोजित संगठनात्मक बैठक में पार्टी पदाधिकारियों और अग्रणी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ आगामी कार्यक्रमों व अभियान की रूपरेखा पर मंथन किया गया। कार्यकर्ताओं से आह्वान किया गया कि वे अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाएं और मतदाता अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाएं।
बैठक में राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के राष्ट्रीय सचिव राम सिंह नेगी, पंचायती राज संगठन के जिला अध्यक्ष कीर्ति नेगी, ठाकुर सिंह बिष्ट, चैन राम नेगी, किन्नौर युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष पूरन सिंह समद भादर, वर्तमान अध्यक्ष अजय ठाकुर, और राजकीय महाविद्यालय रिकांगपिओ के NSUI अध्यक्ष विवेक नेगी सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जिला कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट किया कि निष्पक्ष चुनाव और मताधिकार की रक्षा के लिए पार्टी आगे भी मजबूती से अपनी आवाज उठाती रहेगी।

