उत्तरकाशी। विश्व प्रसिद्ध श्री गंगोत्री धाम के कपाट अन्नकूट एवं गोवर्धन पर्व के पावन अवसर पर मंगलवार को अभिजीत मुहूर्त में ठीक दोपहर 12:05 बजे वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इसके साथ ही गंगोत्री धाम में छह माह तक चलने वाली शीतकालीन पूजा की परंपरा का शुभारंभ हो गया।
कपाट बंद होने के पश्चात मां गंगा की उत्सव डोली पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाजों, देव डोलियों, लोक संस्कृति की मनमोहक छटा, ढोल-दमाऊ की गूंज और भारतीय सेना के बैंड की मधुर धुनों के बीच अपने शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा (मुखीमठ) के लिए रवाना हुई।
मां गंगा की उत्सव डोली मंगलवार को लगभग 19 किलोमीटर की पैदल यात्रा तय करेगी। यात्रा के पहले दिन डोली भैरव मंदिर होते हुए मार्कण्डेय पुरी स्थित देवी मंदिर पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम किया जाएगा। इसके बाद 11 नवंबर को मां गंगा की उत्सव डोली मुखबा के लिए प्रस्थान करेगी।
इससे पूर्व मंगलवार सुबह से ही गंगोत्री धाम में कपाट बंद करने की धार्मिक प्रक्रिया एवं तैयारियां विधि-विधान के साथ शुरू हो गई थीं। निर्धारित अभिजीत मुहूर्त में विशेष पूजा-अर्चना, वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ मां गंगा के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।
इस दौरान पूरा धाम भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा। मां गंगा की उत्सव डोली की विदाई के साथ ही गंगोत्री धाम की शीतकालीन धार्मिक परंपराओं का निर्वहन अब मुखबा स्थित शीतकालीन प्रवास स्थल पर किया जाएगा।

