दीपावली पर मुख्यमंत्री धामी ने गढ़ी कैंट में रोका काफिला, सेना के जवानों से मिलकर दी शुभकामनाएं

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीपावली के पावन अवसर पर सैनिकों के प्रति सम्मान और आत्मीयता का परिचय देते हुए गढ़ी कैंट क्षेत्र में अपना काफिला रुकवाकर सेना के जवानों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने जवानों से बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना और उन्हें दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने जवानों को मिठाई वितरित कर त्योहार की खुशियां भी साझा कीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा और राष्ट्र की अखंडता बनाए रखने के लिए हमारे वीर सैनिक दिन-रात पूरी निष्ठा, समर्पण और अदम्य साहस के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। सैनिकों के सतर्क पहरे और अटूट संकल्प के कारण ही देशवासी सुरक्षित वातावरण में अपने त्योहार मना पाते हैं।

उन्होंने कहा कि मां भारती की सेवा में समर्पित सैनिकों का त्याग, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यनिष्ठा प्रत्येक देशवासी के लिए प्रेरणास्रोत है। जब पूरा देश त्योहारों पर अपने परिवारों के साथ खुशियां मनाता है, तब हमारे अनेक वीर जवान घर-परिवार से दूर रहकर राष्ट्र की सुरक्षा में तैनात रहते हैं। उनका यह समर्पण पूरे देश के लिए गर्व और सम्मान का विषय है।

मुख्यमंत्री ने मां भारती के वीर सपूतों के शौर्य, साहस और समर्पण को नमन करते हुए कहा कि सैनिकों का सम्मान करना और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने जवानों के सुखद, स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड वीरभूमि है और यहां के युवाओं की भारतीय सेना में सेवा की गौरवशाली परंपरा रही है। प्रदेश का प्रत्येक नागरिक अपने सैनिकों और उनके परिवारों पर गर्व करता है। सैनिकों का साहस, त्याग और राष्ट्रप्रेम आने वाली पीढ़ियों को भी देशसेवा के लिए सदैव प्रेरित करता रहेगा।