देहरादून। एक वर्ष पूर्व कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हुए पटेलनगर के वरिष्ठ नेता एस.पी. सूरी ने शनिवार को भाजपा से नाता तोड़कर अपने साथियों सहित कांग्रेस में घर-वापसी कर ली। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना और महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी की मौजूदगी में एस.पी. सूरी के साथ एस.एन. उपाध्याय, जुल्फान और मेघराज राठौर ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
‘अपने घर की कीमत दूसरों के घर जाकर पता चलती है’ — एस.पी. सूरी
कांग्रेस में वापसी के बाद एस.पी. सूरी ने कहा कि अपने घर और अपनों की कीमत का एहसास तब होता है, जब व्यक्ति अपने लोगों को छोड़कर दूसरों के बीच जाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा में कांग्रेस से आए नेताओं को भाजपा के ही मीडिया प्रमुख द्वारा ‘गधे-घोड़े’ कहे जाने से उनका मन खट्टा हो गया। इसके बाद उन्होंने भाजपा छोड़कर कांग्रेस में लौटने का निर्णय लिया। उन्होंने घर-वापसी में सहयोग के लिए सूर्यकांत धस्माना और डॉ. जसविंदर सिंह गोगी का आभार भी व्यक्त किया।
‘गलती से सीखना ही समझदारी है’ — सूर्यकांत धस्माना
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने पार्टी में लौटे नेताओं का माल्यार्पण कर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि गलती हर मनुष्य से होती है, लेकिन उससे सबक न लेना और उसे दोहराना उचित नहीं है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पार्टी छोड़कर गए साथी अपनी पिछली गलतियों से सीख लेते हुए भविष्य में कांग्रेस की विचारधारा को मजबूत करने के लिए काम करेंगे।
राहुल गांधी के संघर्ष में साथ देने का आह्वान
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि वर्तमान समय में देश के सामने कई चुनौतियां हैं। ऐसे में सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर राहुल गांधी के संघर्ष में कंधे से कंधा मिलाकर साथ देना चाहिए।
कार्यक्रम में वार्ड अध्यक्ष माटा, सौरभ शर्मा, अमित राय, बलविंदर कौर, सरदार जसविंदर सिंह मोठी, शराफत, आरती अग्रवाल, अल्ताफ अहमद, महेंद्र गुप्ता, जी.एस. रावत और आशीष ग्रोवर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

